निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन

संपादक- लक्ष्मी रावत/ अनिल रावत
देहरादून! डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती हॉस्पिटल एवं गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय झाझरा देहरादून द्वारा अपनी सामुदायिक स्वास्थ्य सेवा पहल के अंतर्गत चेशायर होम्स इंडिया, गोविंद भवन, डालनवाला, देहरादून में एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में संस्थान में निवासरत 50 से अधिक विशेष बच्चों एवं दिव्यांगजनों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।

शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा प्रतिभागियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ उनके विशिष्ट स्वास्थ्य समस्याओं का भी मूल्यांकन किया गया। इस अवसर पर मरीजों को उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा दैनिक जीवन में आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया। विशेष रूप से दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें अनुकूल जीवनशैली एवं देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रदान किए गए।
शिविर में शामिल चिकित्सा टीम में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ राजेश तिवारी (वरिष्ठ ऑफ्थैल्मोलॉजिस्ट एवं सर्जन) एवं डॉ एल.एम सुन्दरियाल (वरिष्ठ ऑफ्थैल्मोलॉजिस्ट), डॉ. वी.डी. सेमवाल (वरिष्ठ चिकित्सक/जनरल फिजिशियन), ईएनटी विशेषज्ञ डॉ ईशान, ऑप्टोमेट्रिस्ट सुश्री मंशा द्वारा अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त नर्सिंग स्टाफ द्वारा रोगियों की प्राथमिक जांच एवं देखभाल सुनिश्चित की गई, जबकि फार्मासिस्ट सुश्री कविता द्वारा आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। तकनीकी एवं सहयोगी स्टाफ ने शिविर के संचालन, पंजीकरण एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर के सफल संचालन में श्री सनी धीमान (कैम्प कोऑर्डिनेटर) एवं श्री धरमपाल का विशेष योगदान रहा, जिनके कुशल नेतृत्व एवं समन्वय से यह कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से संपन्न हुआ। साथ ही ट्रांसपोर्ट एवं अन्य विभागों द्वारा भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया, जिससे चिकित्सा टीम एवं संसाधनों का सुचारू प्रबंधन सुनिश्चित हो सका।
इस अवसर पर डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर (हेड – मार्केटिंग एवं पब्लिसिटी डिवीजन) ने कहा कि सुभारती हॉस्पिटल का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर न केवल रोगों की प्रारंभिक पहचान में सहायक होते हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी सुभारती हॉस्पिटल द्वारा इस प्रकार के सामाजिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जा सके।
शिविर में उपस्थित लाभार्थियों एवं संस्थान के प्रतिनिधियों ने सुभारती हॉस्पिटल द्वारा प्रदान की गई निःशुल्क, सुलभ एवं व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया तथा इस पहल की सराहना की।अंत में अस्पताल प्रशासन द्वारा सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, तकनीकी कर्मचारियों एवं सहयोगी टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया गया, जिनके संयुक्त प्रयासों से यह स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



