ऋषिकेशएक्सक्लूसिव खबरें

सेवा भारती ऋषिकेश के वार्षिक उत्सव में सांस्कृतिक एवं देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन

संपादक- लक्ष्मी रावत/अनिल रावत
ऋषिकेश। सेवा भारती उत्तराखंड जिला ऋषिकेश द्वारा संचालित 31 सेवा केंद्रों के वार्षिक उत्सव का आयोजन देहरादून रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों, नगरवासियों एवं स्वयंसेवकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान सेवा भारती द्वारा संचालित सेवा कार्यों, सामाजिक सरोकारों तथा विभिन्न सेवा केंद्रों की गतिविधियों की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक, देशभक्ति एवं योग आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सेवा भारती उत्तराखंड के प्रांत कार्यवाह दिनेश प्रसाद सेमवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मूल भाव सेवा है और स्वयंसेवक आपदा से लेकर युद्ध जैसी परिस्थितियों में भी सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा वंचित बच्चों के लिए शिक्षा केंद्र, छात्रावास, संस्कार केंद्र, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान तथा महिलाओं और युवाओं के लिए स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सेवा भारती के जिला अध्यक्ष डॉ. हेतराम ममगाई ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही संस्था का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि सेवा भारती शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और स्वावलंबन के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। वार्षिक उत्सव के दौरान समाजहित में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर उद्योगपति उपेंद्र विज्ञानी, व्यवसायी विनोद कोठारी, पूर्व महापौर अनिता ममगाई, राज्यमंत्री सुरेंद्र मोगा, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र नेगी, संजय शास्त्री, संजीव चौहान, नरेश उनियाल, केएस राणा, राजेंद्र पांडेय, राजीव थपलियाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!