ऋषिकेशएक्सक्लूसिव खबरें
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग
राम मंदिर से जुड़े कथित मामलों को लेकर कांग्रेस ने किया हनुमान चालीसा पाठ

संपादक- लक्ष्मी रावत एवं अनिल रावत
ऋषिकेश। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित भूमि घोटाले, चंदा प्रबंधन और दानपात्र से चोरी के मामलों के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी ने रविवार को त्रिवेणी घाट स्थित प्राचीन रघुनाथ मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान भगवान हनुमान की आराधना कर श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामलों में संलिप्त लोगों को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह केवल आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं से जुड़ा गंभीर विषय है, इसलिए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण और पीसीसी सदस्य जयेन्द्र चंद रमोला ने कहा कि भगवान श्रीराम पूरे देश की आस्था के केंद्र हैं, इसलिए मंदिर से जुड़े प्रत्येक दान और धन का उपयोग पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या अनियमितता हुई है तो प्रभावशाली व्यक्तियों को भी कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए। वहीं जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश सिंह एडवोकेट ने कहा कि देश की जनता जानना चाहती है कि इन घटनाओं की जिम्मेदारी कौन लेगा और सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच केवल छोटे लोगों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यदि किसी बड़े पद पर बैठे व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी समान कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई से कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार का संदेह न रहे और श्रद्धालुओं का विश्वास कायम हो सके। उनका कहना था कि उद्देश्य किसी की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के चरणों में अर्पित श्रद्धालुओं की एक-एक पाई का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित कराना है। कार्यक्रम में साधु-संतों के साथ मदन मोहन शर्मा, चंदन पंवार, राकेश अग्रवाल, ललित मोहन मिश्रा, राजेंद्र कोठारी, मनोज गुसाईं, देवेंद्र प्रजापति, भगवान पंवार, सरोजनी थपलियाल, पुष्पा मिश्रा, रुकम पोखरियाल, ऋषि सिंघल, प्रवीण गर्ग, रवि थापा, हिमांशु कश्यप, आदित्य झा सहित बड़ी संख्या में रामभक्त एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।


