एक्सक्लूसिव खबरेंपिरान कलियर

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर केएलडीएवी कॉलेज रुड़की में भव्य योग शिविर

600 एनसीसी कैडेट्स ने किया योगाभ्यास

ब्यूरो चीफ तौकीर आलम 

रुड़की। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को केएलडीएवी (पीजी) कॉलेज, रुड़की के प्रांगण में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में किया गया, जिसमें लगभग 600 एनसीसी कैडेट्स, अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ योग साधक श्रीमती सर्वेश गोस्वामी द्वारा सामूहिक योगाभ्यास के साथ किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.पी. सिंह ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने बताया कि योग का अर्थ जोड़ना है तथा नियमित योगाभ्यास से मन, मस्तिष्क और शरीर को शांति एवं ऊर्जा प्राप्त होती है। योग केवल विद्यार्थियों के लिए ही नहीं बल्कि प्रत्येक आयु वर्ग के लोगों के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल जगदीश अलमिया ने सभी को अपनी दैनिक दिनचर्या में कम से कम आधा घंटा योग को शामिल करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में योग की परंपरा अनादि काल से चली आ रही है और ऋषि-महर्षियों द्वारा इसका अभ्यास किया जाता रहा है। योग से शरीर को ऊर्जा मिलती है, मन शांत रहता है तथा अनेक असाध्य रोगों से भी मुक्ति पाने में सहायता मिलती है।

कर्नल अलमिया ने कहा कि योग के दौरान शरीर की सभी इंद्रियां सक्रिय रूप से कार्य करती हैं, जिससे मानसिक संतुलन और सकारात्मकता का विकास होता है। उन्होंने कैडेट्स से नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में कार्यालय अधीक्षक प्रशिक्षण रवि कपूर का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर कमान अधिकारी कर्नल जगदीश अलमिया, प्राचार्य डॉ. एम.पी. सिंह तथा महाविद्यालय के वरिष्ठ स्कंध एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट (डॉ.) नवीन कुमार द्वारा योग साधक श्रीमती सर्वेश गोस्वामी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कैप्टन धर्म सिंह, सेकंड ऑफिसर कमल मिश्रा, सेकंड ऑफिसर पंकज बेंजवाल, केयरटेकर अर्चना देवी त्यागी, वंदना चौहान, शाहिना परवीन, दीपमाला, सूबेदार मेजर अमर सिंह, हवलदार रविंदर गुसाईं, नायक अभिषेक पंवार, जीसीआई किरण बिहनिया, वाहन चालक अनुज गिरी, राकेश नौटियाल सहित बड़ी संख्या में एनसीसी अधिकारी, कर्मचारी एवं कैडेट्स उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!