एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

मेलाधिकारी ने मनसा देवी मार्ग सहित हरकी पैड़ी से ललतारौ पुल तक गलियों के सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण

संपादक- लक्ष्मी रावत/ अनिल रावत

हरिद्वार।कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के अंतर्गत संचालित आधारभूत विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने शुक्रवार को मनसा देवी मंदिर परिसर, मंदिर के पैदल मार्ग तथा हरकीपैड़ी से लालतरो पुल तक संचालित गलियों के सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी ने मनसा देवी पैदल मार्ग के सुधार एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्तावित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने तथा सुरक्षा संबंधी समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर में प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों क्या संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है तथा कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत शहर की आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था परियोजना क्रियान्वयन इकाई, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि नियमित निगरानी के माध्यम से कार्यों की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जाए।
मेलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि गलियों के सुधार कार्यों के साथ-साथ जल निकासी व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पैदल मार्गों एवं सार्वजनिक सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाए, ताकि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि मनसा देवी मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का आवागमन रहता है। ऐसे में इस क्षेत्र का आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप श्रद्धालुओं के अनुभव को और बेहतर बनाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य इस प्रकार संपादित किए जाएं कि धार्मिक नगरी हरिद्वार की पारंपरिक एवं सांस्कृतिक पहचान भी संरक्षित रहे।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मनसा देवी जाने वाले प्रमुख मार्ग पर भवन अग्रभाग (फसाड) सौंदर्यीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए।

मेलाधिकारी ने कहा कि फ़साड सौंदर्यीकरण कार्य के अंतर्गत भवनों एवं मार्गों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक विषयवस्तु के अनुरूप विकसित किया जाए, जिससे हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान और अधिक प्रभावी रूप में उभरकर सामने आए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 को दिव्य, भव्य एवं स्वच्छ स्वरूप प्रदान करने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों, घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों का समग्र विकास किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सौंदर्यीकरण कार्यों में गुणवत्ता एवं स्थायित्व का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही रंगाई-पुताई, सजावटी कार्यों, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सौंदर्यीकरण गतिविधियों में एकरूपता बनाए रखते हुए धार्मिक नगरी की गरिमा के अनुरूप कार्य किए जाएं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों के दौरान आमजन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्यस्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने एवं अनावश्यक अवरोधों को हटाने के लिए नियमित निगरानी भी की जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रवीण कुश, परियोजना प्रबंधक, परियोजना क्रियान्वयन इकाई, लोक निर्माण विभाग सहित वन विभाग एवं हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!