एक्सक्लूसिव खबरेंदेहारादून

प्रो. नितिका कौशल व डॉ. प्रशांत भटनागर सम्मानित, संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अतुल कृष्ण एवं कुलपति प्रो. डॉ. हिमांशु ऐरन को बताया प्रेरणास्रोत

हेल्थकेयर इनोवेशन समिट 2026 में रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय ने परचम लहराया

संपादक- लक्ष्मी रावत/ अनिल रावत

देहरादून! रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय की प्रोफेसर एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. नितिका कौशल तथा सुभारती शिक्षा समूह के ही गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. केकेबीएम सुभारती हॉस्पिटल के डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर को हिमालयन हेल्थकेयर इनोवेशन समिट 2026 के दौरान उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

प्रो. नितिका कौशल को “वुमेन लीडरशिप इन हेल्थकेयर” सम्मान से नवाजा गया, जबकि डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर को “एक्सीलेंस इन मेडिकल एजुकेशन एंड इंस्टिट्यूशनल इनोवेशन” के क्षेत्र में सम्मान प्रदान किया गया। डॉ. भटनागर कम्युनिटी मेडिसिन डिपार्टमेंट में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। वे समिट में “एआई, स्मार्ट हॉस्पिटल्स & डिजिटल हेल्थ” विषय पर आयोजित एक महत्वपूर्ण पैनल डिस्कशन में पैनलिस्ट के रूप में भी शामिल हुए।

यह समिट वेलोक्स मीडिया द्वारा हयात सेंट्रिक, देहरादून में आयोजित किया गया, जिसमें उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राज शेखर जोशी, उत्तराखंड की महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. सुनीता टम्टा तथा एससीपीसीआर की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना सहित अनेक वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।

अपने संबोधन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए निवारक एवं सामुदायिक आधारित स्वास्थ्य प्रणाली को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सशक्त हुई है। उन्होंने ‘ट्रीटमेंट’ से पहले ‘हीलिंग’ पर ध्यान देने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), टेलीमेडिसिन तथा मजबूत प्राथमिक स्वास्थ्य ढांचे को बढ़ावा देने और पीपीपी मॉडल में जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर प्रो. नितिका कौशल एवं डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर ने संयुक्त रूप से कहा कि “यह सम्मान हमारे लिए गर्व का विषय है। हम रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जिसने हमें निरंतर नवप्रवर्तन और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया। हम विशेष रूप से विश्वविद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अतुल कृष्ण एवं कुलपति प्रो. डॉ. हिमांशु ऐरन को अपना प्रेरणास्रोत मानते हैं, जिनके मार्गदर्शन में हमें कार्य करने का अवसर मिला।”

प्रो. नितिका कौशल ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय योगदान से विद्यार्थियों के समग्र विकास, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के प्रोत्साहन एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर ने मेडिकल एजुकेशन, संस्थागत नवप्रवर्तन तथा स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों में अपनी सक्रिय भूमिका से विशिष्ट पहचान बनाई है।

समिट में हिमालयी एवं पूर्वोत्तर राज्यों से आए विशेषज्ञों ने सार्वजनिक स्वास्थ्य, महिला स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, डिजिटल हेल्थ और पीपीपी मॉडल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। 150 से अधिक प्रतिभागियों और 40 से अधिक विशेषज्ञों की सहभागिता के साथ यह आयोजन स्वास्थ्य क्षेत्र में नवप्रवर्तन, सहयोग और जागरूकता को बढ़ावा देने वाला एक प्रभावी मंच साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!